नेबुआ नौरंगिया। क्षेत्र में कोटवा विद्युत उपकेंद्र से बिजली की आपूर्ति 24 घंटे में महज तीन से चार घंटे ही हो रही है। इससे गर्मी में ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। वहीं, बिजली निगम की तरफ से 18 घंटे बिजली की आपूर्ति किए जाने का दावा किया जा रहा है।
क्षेत्र के रहने वाले रामप्रताप तिवारी, सत्यनारायण शर्मा, बीरबल, जितेंद्र, अमन, गदाधर का कहना है कि विभाग के तरफ से बिजली व्यवस्था बेहतर है और तय शेड्यूल के मुताबिक आपूर्ति किए जाने का दावा बिलकुल उलटा है। दिन में चिलचिलाती तेज धूप व गर्मी के बीच महज तीन से चार घंटे ही बिजली की आपूर्ति दी जा रही है, इससे गांव के लोग बेहाल हो गए हैं लेकिन जिम्मेदारों को इससे कोई सरोकार नहीं दिखाई दे रहा है। ग्रामीण
अनिल, अंगद, रमजान, राम प्यारे, जीतन, सुग्रीव, राम सेवक ने चेताया है कि आपूर्ति में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। आरोप है कि बिजली की आपूर्ति बेहतर बनाए जाने के लिए विभागीय जिम्मेदारों को अवगत कराया गया है, इसके बावजूद कोई सुधार नहीं हुआ है। एसडीओ सुनील पाल ने बताया कि शीघ्र ही बिजली की आपूर्ति व्यवस्था सही करा दी जाएगी। कुछ दिक्कतें आईं हैं,इसकी वजह से आपूर्ति में बाधा बनी हुई है।