पकड़ियार बाजार। क्षेत्र के मड़ार विंदवलिया गांव में गिट्टी लदे डंपर की ठोकर से बिजली का पोल क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके चलते गांव में 19 दिन से बिजली आपूर्ति ठप है। अंधेरे में रात बिता रहे लोगों ने शिकायत के बाद भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए आमरण अनशन की चेतावनी दी है।
गांव के लोगों ने बताया कि 18 अक्तूबर की शाम बरई पट्टी के क्रांति चौराहा से बगही की ओर कुछ श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉली से लक्ष्मी प्रतिमा लेकर जा रहे थे। इसी दौरान बगही की तरफ से आ रहे गिट्टी लदे डंपर के ठोकर से बिजली का पोल क्षतिग्रस्त होकर गिर पड़ा। इसकी चपेट में आने से बगल से गुजर रहे बरई पट्टी निवासी करण तिवारी (22) और सागर निवासी केशव दास (23) गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दोनों का इलाज अभी तक चल रहा है।
घटना के बाद कोटवा विद्युत उपकेंद्र के जेई और एसडीओ मौके पर पहुंचे थे और ग्रामीणों को आश्वासन दिया था कि जल्द ही नया पोल लगाकर आपूर्ति बहाल करा दी जाएगी, लेकिन तीन सप्ताह बीत जाने के बाद भी पोल की मरम्मत नहीं कराया गया है। गांव की कुसुम देवी, बतिशी, सरिता, धर्मावती, गोविंद, धीरू, बबिता और सवारी देवी ने बताया कि बिजली निगम के अधिकारियों से इसकी कई बार शिकायत की गई, लेकिन अभी तक गांव में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई।
गांव के उपभोक्ताओं ने चेताया कि यदि दो दिन के भीतर बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो गांव के लोग आमरण अनशन करेंगे। इस संबंध में सुनील पाल ने कहा कि पोल क्षतिग्रस्त करने के मामले में केस दर्ज करा दिया गया है। जल्द ही बिजली सप्लाई के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी।