पकड़ियार बाजार। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के सौरहा खुर्द चरिघरवा गांव में शनिवार को पंखे का प्लग लगाते समय एक बुजुर्ग महिला करंट की चपेट में आ गई। इससे वह अचेत होकर जमीन पर गिर गई। परिवार के लोग उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे, तब तक उनकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। सूचना पर आई पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सौरहा खुर्द निवासी 65 वर्षीय सावित्री देवी शनिवार की दोपहर घर में पंखा चालू करने के लिए बिजली के बोर्ड में पंखे का प्लग लगा रही थीं। इसी दौरान उसमें करंट उतर गया, जिसकी चपेट में आकर महिला अचेत होकर जमीन पर गिर गईं। गांव के लोगों ने बताया कि पंखा लोहे का था और यदि यह प्लास्टिक का होता तो संभवतः हादसा टल सकता था। उनके पति का निधन करीब 15 वर्ष पहले हो चुका है। इकलौता बेटा जगदेव पटेल पहले से ही बीमार है।