पकड़ियार बाजार। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के मड़ार बिंदवलिया गांव में सोमवार की सुबह टहलने निकली बुजुर्ग महिला को तेज रफ्तार बोलेरो ने टक्कर मार दी। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास किया तो परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। परिजनों से बातचीत के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, महिला की छोटी बेटी की शादी तय है। घर में सगाई की तैयारी चल रही थी। अचानक हुए हादसे से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।
नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के मड़ार बिंदवलिया गांव के नौका टोला निवासी हनीफ अंसारी की पत्नी बुटना (65) सोमवार की भोर में घर के सामने कोटवा-घुघली मार्ग पर टहलने निकली थीं। कोटवा की तरफ से आई तेज रफ्तार बोलेरो ने टक्कर मार दी। बोलेरो लेकर चालक भाग निकला। परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और महिला को अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे कि बुटना ने दम तोड़ दिया। घर में चीख-पुकार मच गई। जानकारी मिलने पर क्रांति बाजार पुलिस चौकी के प्रभारी मौके पर पहुंच गए और पोस्टमार्टम कराने की बात कही। परिवार वालों ने पोस्टमार्टम से इंकार किया तो पुलिस ने बातचीत कर उन्हें पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार किया। पंचनामा के बाद शव को कब्जे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस संबंध में एसएचओ हर्षवर्धन सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
0
मातम में बदली खुशियां
बुटना की छोटी बेटी की शादी तय है। सोमवार को सगाई होनी थी। इसके लिए सभी मेहमान भी घर पर आ चुके थे। सुबह नौ बजे से परिवार के लोग मेहमानों के साथ निकलने वाले थे। तभी भोर में हादसा हो गया। इससे शादी वाले घर में खुशियों की जगह मातम छा गया।