बनकटा बाजार। चौराखास थाना क्षेत्र के बनकटा बाजार निवासी मार्ग दुर्घटना में घायल 65 वर्षीय बुजुर्ग की इलाज के दौरान बृहस्पतिवार की देर रात मौत हो गई। उनकी मौत की खबर मिलते ही घर पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
चौराखास थाना क्षेत्र के गांव बनकटा बाजार निवासी हरिलाल मद्धेशिया मंगलवार की शाम करीब सात बजे नहर से शौच कर चौक पर पहुंचे थे कि पीछे से अनियंत्रित बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। वे गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फाजिलनगर पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज पडरौना रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में तीन दिन इलाज के बाद बृहस्पतिवार की देर रात उनकी मौत हो गई। परिजनों की सूचना पर चौराखास पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में इंस्पेक्टर चौराखास चंद्रभूषण ने बताया कि परिजनों की सूचना पर पुलिस घर गई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने के बाद मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।