नौ दिन पूर्व लाठी-डंडों से किया था हमला, गोरखपुर में चल रहा था इलाज के दौरान हुई मौत
गोड़रिया। विशुनपुरा थाना क्षेत्र के जंगल लुआठहा गांव में शीशम के पेड़ को लेकर हुए विवाद में लाठी-डंडों से घायल पिता की रविवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। हमले में उनका बेटा और पत्नी भी घायल हुए थे। पिता की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
जंगल लुआठहा निवासी रविंद्र कुशवाहा ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया था कि 29 अक्तूबर की सुबह करीब छह बजे शीशम के पेड़ को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान गांव के हरिंदर, सविता देवी, वंदना और संजना समेत छह लोग लाठी-डंडे लेकर उनके खेत में पहुंच गए। वहां गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और उनके पिता नगीना पर हमला कर दिया।
पिता को बचाने पहुंचे रविंद्र और उनकी मां को भी आरोपियों ने मारपीट कर घायल कर दिया। हमले में नगीना (58) गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए थे। परिजन तीनों घायलों को दुदही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद नगीना को जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज और फिर एम्स में भर्ती कराया गया था। रविवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
थानाध्यक्ष शनि कुमार जावला ने बताया कि मामले में हरिंदर, सविता देवी, वंदना और संजना समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले की प्राथमिकी दर्ज की गई थी। नगीना की मौत के बाद विवेचना में संबंधित धाराएं बढ़ाई जाएंगी।