नेबुआ नौरंगिया क्षेत्र के ग्राम ढोलहा मुसहरी गांव में शनिवार को हाईटेंशन तार की चपेट में आने से 38 वर्षीय युवक गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन उन्हें कोटवा सीएचसी ले गए। वहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शनिवार को ही उनके छोटे भाई की शादी थी। परिवार के लोग बरात जाने की तैयारी कर रहे थे।
इसी बीच बड़े भाई की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। ढोलहा मुसहरी निवासी 38 वर्षीय तौकीर आलम शनिवार की सुबह छत पर दातून कर रहे थे। उसी दौरान छत पर बंदर आ गया। बंदर उनकी तरफ बढ़ा तो वे अपना बचाव करने के लिए पास रखे लोहे की राॅड लेकर बंदर को भगाने दौड़े।
उसी दौरान लोहे की रॉड छत से गुजर रहे बिजली के हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गई। तौकीर गंभीर रूप से झुलस गए। घटना की जानकारी होते ही परिजन उन्हें कोटावा सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक तौकीर के छोटे भाई वासिफ की शनिवार को शादी थी।
शाम को उनकी बारात बिहार के बगहा जानी थी। उधर दोपहर में उनकी मौत हो गई। तौकीर के मौत की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मची है।
तार को हटाने के लिए बिजली निगम को दिया था पत्र
गांव के जाकिर हुसैन, मुफ्ती सहीद, आदम, इस्माइल आदि ने नाराजगी जताते हुए कहा कि गांव के घनी आबादी से गुजरने वाले नंगे हाईटेंशन तार से हर समय चिंगारी निकलती है। आज इतना बढ़ा हादसा हो गया है। इस हाईटेंशन बिजली के तार को हटाने के लिए कई बार बिजली निगम के अधिकारियों को पत्र दिया गया है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
यदि समय रहते यह बिजली का तार हट गया होता तो आज इतना बड़ा हादसा नहीं होता। इस संबंध में अवर अभियंता अजय कुमार सिंह ने बताया कि बिजली निगम की तरफ से मृतक परिवार को हर संभव मदद की जाएगी। नंगे तार की जगह गांव में केबल लगाने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा।