तेंदुआ के हमले में पांच महिलाओं सहित आठ लोग घायल
रामकोला। थाना क्षेत्र के हरपुर माफी गांव के शोभा छपरा टोला और कुइयां में बृहस्पतिवार की रात तेंदुआ घुस गया। उसने हमला कर पांच महिलाओं और दो बच्चों सहित आठ लोगों को घायल कर दिया। इनमें दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य लोगों के जख्म हल्के होने के कारण रामकोला सीएचसी में इलाज चल रहा है।
तेंदुए के भय से गांव में दहशत का माहौल है। रामकोला पुलिस और वन विभाग की टीम गांव में पहुंची है। रामकोला थाना क्षेत्र के हरपुर माफी गांव के शोभा छपरा में बृहस्पतिवार की रात करीब साढ़े आठ बजे तेंदुए के हमले में दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनमें एक का नाम हसीबुन नेशा (60) है। इसके अलावा इसी गांव के मुसाहेब की 40 वर्षीय पत्नी को भी तेंदुए ने घायल कर दिया।
उन्हें रामकोला सीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हरपुर माफी के शोभा छपरा के बाद तेंदुआ बगल के गांव कुइयां में पहुंच गया और इरावती देवी (60), रामवासी (35), मीरा देवी (40), सत्यम (12), आजीवन (7) और साहेब (30) को घायल कर दिया। इन सभी का इलाज रामकोला सीएससी पर चल रहा है।
इसकी सूचना मिलते ही डीएफओ अनिल कुमार श्रीवास्तव सहित रामकोला थाने के एसआई आलोक कुमार यादव, कन्हैया यादव आदि पुलिसकर्मी गांव में पहुंच गए। ग्रामीणों से अपने घरों से बाहर न निकलने की अपील की जा रही है। डीएफओ ने बताया कि तेंदुए के बारे में सूचना मिली है। उसकी तलाश कराई जा रही है।