पटहेरवा। पटहेरवा थाना क्षेत्र के हाईवे पर महुअवां गांव के सामने सोमवार की सुबह पुलिस ने घेराबंदी कर पिकअप से आठ पशुओं को मुक्त करा दिया। पुलिस को देख चालक घबरा गया और बेकाबू होकर पिकअप डिवाइडर पर चढ़ गया। पिकअप में बैठा तस्कर फरार हो गया। पुलिस कार्रवाई में जुटी है।
पटहेरवा पुलिस को सोमवार की सुबह सूचना मिली कि तस्कर पिकअप से पशुओं की खेप लेकर बिहार लेकर जा रहे हैं। पुलिस टीम सक्रिय हो गई और हाईवे पर महुअवां गांव के सामने घेराबंदी कर पिकअप की तलाश में जुट गई। तभी फाजिलनगर की तरफ से पिकअप आता दिखा। पुलिस को सामने देख पिकअप चालक ने दूसरी दिशा में गाड़ी लेकर जाने का प्रयास किया, लेकिन पिकअप बेकाबू होकर डिवाइडर पर चढ़ गया। जब तक पुलिस वहां पहुंचती, तब तक पिकअप में बैठा पशु तस्कर गाड़ी छोड़ झाड़ियों के रास्ते भाग निकला। पुलिस ने पिकअप की तलाशी ली तो उसमें से आठ प्रतिबंधित पशु मिले। पिकअप व पशुओं को लेकर पुलिस थाने पहुंची। पुलिस टीम में एसएचओ पटहेरवा राकेश रोशन सिंह के अलावा फाजिलनगर चौकी इंचार्ज गौरव वर्मा आदि शामिल रहे। एसएचओ ने बताया कि पिकअप से आठ प्रतिबंधित पशुओं को बरामद किया गया है। तस्कर झाड़ियों के रास्ते भाग निकला, उसकी तलाश की जा रही है।