पडरौना। चांद दिखने के बाद रोजेदार ईद की तैयारी में जुट गए। ईद की नमाज अदा करने के लिए ईदगाहों में बुधवार की सुबह से ही साफ-सफाई और रंगाई-पुताई होने लगी थी। इस त्योहार को लेकर बाजार में भी बुधवार को काफी चहल-पहल रही। सभी तरह की दुकानें ग्राहकों से गुलजार रहीं।
पडरौना नगर के छावनी, कठकुइयां रोड, नौका टोला सहित सभी ईदगाहों में बुधवार को सुबह से ही साफ-सफाई शुरू कर दी गई थी। इसके अलावा ईदगाहों में रंगाई-पुताई और सजावट भी कराई गई। शाम के वक्त लोग चांद के दीदार के लिए जगह-जगह खड़े रहे। रोजेदारों ने अपने सगे-संबंधियों को भी फोन कर चांद दिखने के बारे में सूचनाओं का आदान-प्रदान किया।
इसी के साथ ईद की तैयारी में लोग जुट गए। पडरौना नगर में कपड़े, ज्वेलरी, शृंगार, सेंवई, फल सहित सभी प्रकार की दुकानों में ग्राहकों की खास चहल-पहल रही। वे अपनी पसंद के सामान खरीदते नजर आए। इसे लेकर बाजार ही नहीं सड़कों पर भी बड़ी चहल-पहल रही। बच्चे भी इस त्योहार को लेकर उत्साह से लबरेज नजर आ रहे थे। यही हाल जनपद के अन्य सभी हिस्सों में रहा। वहां भी ईद की तैयारी में लोग जुटे रहे। ईदगाहों की सुरक्षा के लिए सभी जगह पुलिस और पीएसी के जवान तैनात किए गए हैं।