पडरौना। जिले की आंगनबाड़ी व्यवस्था में बदलाव की तैयारी है। अब परिषदीय स्कूलों के साथ-साथ बेसिक शिक्षा विभाग आंगनबाड़ी केंद्रों की कक्षाओं का संचालन भी करेगा। इसके तहत अब आंगनबाड़ी केंद्रों में एजुकेटर (शिक्षक) की तैनाती की जाएगी जो बच्चों को खेल-खेल में शिक्षा से जोड़ेंगे।
जिले में कुल 4000 से अधिक आंगनबाड़ी केंद्र हैं, इनमें से प्राथमिक विद्यालय परिसरों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों की कक्षाओं का संचालन बेसिक शिक्षा विभाग करेगा। अब इन आंगनबाड़ी केंद्रों में से 185 केंद्रों पर एजुकेटरों की तैनाती की जाएगी। जो इन बच्चों की शिक्षा व्यवस्था को देखेंगे। एजुकेटर निपुण भारत मिशन के तहत बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने, खेल, नाटक, पिकनिक और शैक्षिक भ्रमण जैसी गतिविधियों के माध्यम से उनके विकास को देंगे। इसके साथ ही वे आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी विभिन्न कार्यों में सहयोग करेंगे।