पडरौना। पडरौना-दुदही मार्ग पर मंगलवार दोपहर सिधुआं बाजार पुलिस चौकी के पास सवारियों से भरा ई-रिक्शा सड़क पर गड्ढे में अनियंत्रित होकर पलट गया। उसमें महिलाएं व बच्चे भी सवार थे। कई लोग घायल हो गए। दुकानदारों और राहगीरों ने उन्हें निकाला। स्थानीय दुकानदार पप्पू वर्मा ने कहा कि सड़क में बने गहरे गड्ढे कभी भी किसी की जान ले सकते हैं। दुकानदार गुड्डू कुमार ने कहा कि बारिश से पहले टूटी सड़क को मरम्मत कराकर ठीक करा दिया जाता तो हादसों पर लगाम लग जाता। इस संबंध में विधायक मनीष उर्फ मंटू जायसवाल ने कहा कि सड़क के निर्माण के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को प्रस्ताव भेजा जा चुका है और स्वीकृति मिलते ही पक्का निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। प्रमोद यादव, गोलू गुप्ता, अशोक यादव, महबूब आलम, प्रदीप यादव ने हादसों को रोकने के लिए गड्ढों को अस्थाई रूप से भरने, जल निकासी दुरुस्त करने और राहगीरों के लिए सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था करने की मांग की है।