खड्डा। खड्डा-मठिया मार्ग पर सोमवार दोपहर क्षमता से अधिक सवारियां लेकर जा रहा ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। हादसे में सात यात्री मामूली रूप से घायल हो गए। राहत की बात रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई। घायलों का निजी अस्पताल में उपचार कराने के बाद उन्हें उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि ई-रिक्शा खड्डा से मठिया की ओर जा रहा था। पेट्रोल पंप से लगभग 100 मीटर आगे वाहन असंतुलित होकर सड़क के बायीं ओर गड्ढे में पलट गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ई-रिक्शा में क्षमता से अधिक लोग सवार थे, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने गड्ढे में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और राहत कार्य में सहयोग किया।