पडरौना। नगर में आठ से दस घंटे की हो रही बिजली कटौती से परेेेेशान व्यापारियों ने शनिवार को पडरौना विद्युत उपकेंद्र पहुंचकर एसडीओ का घेराव किया। इस दौरान पेयजल संकट समेत अन्य परेशानियों से एसडीओ को अवगत कराते हुए समस्या के तत्काल समाधान की मांग की गई। व्यापारियों ने उन्हें ज्ञापन सौंपा। जिस पर एसडीओ ने शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष लालबाबू गुप्ता की अगुवाई में व्यापारी कठकुइयां रोड स्थित विद्युत उपकेंद्र पहुंचे और एसडीओ का घेराव किया। व्यापारियों का कहना था कि जिला मुख्यालय होने के नाते पडरौना शहर में 22 घंटे बिजली मिलनी चाहिए, लेकिन खुद विभागीय रिकार्ड के अनुसार यहां 16 घंटे ही बिजली मिल रही है। इतनी भीषण गर्मी में दिन के समय बिजली कटने से कार्य प्रभावित हो रहा है और रात में नींद खराब हो जाती है। बिजली कटौती के कारण लोगों को पेयजल संकट का भी सामना करना पड़ रहा है। व्यापारियों की समस्याएं सुनने और ज्ञापन लेने के बाद एसडीओ ने शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस मौके पर जिला महामंत्री सचिन चौरसिया, नगर अध्यक्ष सतीश कुमार, सुधीर जायसवाल, सतीश जिंदल, मनीष जायसवाल, पृथ्वी जायसवाल, कृष्ण कुमार, ओमप्रकाश वर्मा, शिवजी, राजेंद्र गुप्ता, जगदीश पटेल, मनीष मोदनवाल, रवि प्रताप सोनी, अभय स्वर्णकार, सुनील चंद रूंगटा, अभय अग्रवाल, डॉ. एसपी शर्मा सहित तमाम व्यापारी मौजूद रहे।