गौरीश्रीराम में छात्र-छात्राओं को सम्मानित करते विधायक व अन्य। स्रोत-सोशल मीडिया
दुदही। गौरीश्रीराम स्थित मिनी स्टेडियम में आयोजित दुदही विकास खंड की ब्लाक स्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में 109 अंक प्राप्त कर दुदही न्याय पंचायत की टीम ब्लाक चैंपियन बनी। जबकि 42 अंक प्राप्त कर धर्मपुर न्याय पंचायत की टीम दूसरे स्थान पर रही। कंपोजिट विद्यालय भगवानपुर ने जूनियर बालक, बालिका व प्राथमिक बालक वर्ग में विजेता बन दबदबा कायम रखा। जूनियर स्तर पर प्रिंस यादव व हसीना तथा प्राथमिक स्तर पर आजाद व सजरुन क्रमश: बालक व बालिका वर्ग में व्यक्तिगत चैंपियन रहे।
गुरुवार को ब्लाक व्यायाम शिक्षक अमित श्रीवास्तव के साथ राजेश कुमार द्वारा प्रतियोगिता का सफल संचालन कराया गया। जूनियर स्तर बालिका वर्ग के 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर व 600 मीटर में हसीना प्रथम रहीं। जूनियर बालक वर्ग में 100 मीटर व 200 मीटर में प्रिंस यादव, 400 मीटर में विक्की कुमार तथा 600 मीटर में मुन्ना प्रथम रहे। लंबी कूद बालक व बालिका वर्ग में क्रमशः रोहित व आलियाना ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कबड्डी के बालक व बालिका वर्ग में क्रमशः चाफ व कोरया न्याय पंचायत की टीम विजेता रही। जूनियर खो-खो में बालक व बालिका दोनों वर्गों में कंपोजिट विद्यालय भगवानपुर की टीम विजेता बनी।
प्राथमिक स्तर पर बालिका वर्ग में 50 मीटर, 100 मीटर व 200 मीटर में सबरुन तथा 400 मीटर में नासरीन प्रथम रहीं। बालक वर्ग में 50 मीटर व 400 मीटर में आजाद, 100 मीटर में बिट्टू तथा 200 मीटर में जयकेश ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्राथमिक लंबी कूद बालक व बालिका वर्ग में क्रमशः आजाद व सबरुन प्रथम रहीं। कबड्डी के बालक व बालिका वर्ग में क्रमशः चाफ व दुदही की टीम विजेता रहीं, जबकि प्राथमिक खो-खो के बालक वर्ग में कंपोजिट विद्यालय भगवानपुर व बालिका वर्ग में दुदही की टीम विजेता बनी। पुरस्कार वितरण सत्र को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विधायक डा. असीम कुमार ने कहा कि खेल व्यक्ति के आत्मविश्वास, शारीरिक बल व नेतृत्व क्षमता को विकसित करते हैं।