प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात करते कुशीनगर के नीलेश।संवाद
डीयू के शताब्दी वर्ष के समापन समारोह में शामिल होने के लिए पीएम ने विद्यार्थियों के साथ की मेट्रो में यात्रा
संवाद न्यूज एजेंसी
तमकुहीराज (कुशीनगर)। तमकुहीराज विकास खंड के मझौवा गांव निवासी प्रमोद राय के पुत्र नीलेश राय को शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली विश्वविद्यालय के शताब्दी वर्ष के समापन समारोह से इतर मेट्रो यात्रा के दौरान नसीहत दी। उन्होंने चिंता नहीं, मौज करने की नसीहत दी।
प्रधानमंत्री विश्वविद्यालय के छात्रों के साथ मेट्रो में यात्रा कर रहे थे। वह मेट्रो से दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के शताब्दी वर्ष के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए जा रहे थे। उन्होंने मेट्रो में डीयू के विद्यार्थियों के साथ यात्रा की। नीलेश स्नातक के छात्र हैं।
उन्होंने फोन पर बताया कि प्रधानमंत्री ने कहा कि चिंता नहीं, मौज करो। उन्होंने कहा कि आज जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनकी मुलाकात हुई, तब नीलेश ने प्रधानमंत्री को युवाओं के लिए देश का सबसे बड़ा प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने पीएम से पूछा कि वह युवाओं के लिए कोई प्रेरणा देने वाली बात बताएं।
नीलेश ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें कोई तनाव न लेने और मौज लेने के लिए कहा। पीएम ने कहा कि उनके यही दिन मौज लेने के हैं और उन्हें खूब मौज लेनी चाहिए। किसी बात की चिंता नहीं करनी चाहिए। मन में सकारात्मक ऊर्जा रखने के लिए उन्हें प्रतिदिन योग करना चाहिए, जिससे उन्हें तनाव न हो और तन-मन स्वस्थ रहे।