कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के पचरुखिया गांव के पास मिला शव, एसडीआरएफ की टीम की दूसरे दिन की जारी रही खोजबीन, शाम को मिला शव
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। मुख्य पश्चिमी गंडक नहर में पडरौना से सटे परसौनी कला साइफन के निकट नहाते समय डूबे 13 साल के किशोर का शव बुधवार की शाम को घटनास्थल से करीब दस किलोमीटर दूर पचरुखिया गांव के पास मिला। 48 घंटे बाद बालक का शव मिला। एसडीआरएफ की टीम बुधवार को भी सुबह से ही बालक की तलाश में जुट गई थी।
पडरौना के कोतवाल राजप्रकाश सिंह ने बताया कि शहर के कन्नौजिया वार्ड पूर्वी इंदिरा नगर के निवासी पवन श्रीवास्तव का 13 वर्षीय पुत्र मोहित अपने हमउम्र अन्य लड़कों के साथ सोमवार को दोपहर में मुख्य पश्चिमी गंडक नहर में नहाने गया था। उस समय नहर में पानी बहुत अधिक था। नहाते समय वह पानी की तेज धारा में डूब गया। देर शाम परिवार के लोगों ने सूचना दी, लेकिन अंधेरा हो जाने के कारण उस दिन उसकी खोजबीन नहीं हो सकी। मंगलवार से ही उसकी तलाश शुरू करा दी गई थी। गोताखोरों को सफलता न मिलने पर एसडीआरएफ की टीम बुलाई गई। मंगलवार की देर शाम तक तलाश हुई, लेकिन उसका पता नहीं चला।
कोतवाल ने बताया कि बुधवार को सुबह से एसडीआरएफ की टीम ने पुन: उसकी खोजबीन शुरू की। काफी खोजबीन के बाद घटनास्थल से करीब दस किलोमीटर दूर कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के पचरुखिया गांव के पास शाम को उसका शव मिला। नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण उसे ढूंढने में इतना अधिक वक्त लगा।