बकिया ड्रेन में युवक के डूब जाने से रोते-बिलखते परिजन।
- फोटो : KUSHINAGAR
बकिया ड्रेन में नहाते समय युवक डूबा
गोताखोरों की मदद से घंटों बाद निकाला गया शव
कसया। नगर के विवेकानंद नगर वार्ड बेलवा पलकधारी सिंह निवासी एक युवक बकिया ड्रेन में मंगलवार को नहाते दौरान डूब गया।युवक के डूबने की सूचना पर क्षेत्र के लोगों की भीड़ जुट गई। इसकी जानकारी किसी ने पुलिस को दी। उसके बाद यूपी 100 व कुशीनगर पुलिस चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से डूबे युवक की तलाश करानी शुरू की। घंटो बाद शाम छह बजे युवक का शव पानी से बाहर निकाला जा सका।
मंगलवार को विवेकानंद नगर वार्ड निवासी हरिकिशुन निषाद पुत्र बाबूलाल (28 )साथी युवकों के साथ बकिया ड्रेन में धोबीघाट पुल के पास नहाते समय गहरे पानी में चला गया। यह देख नहा रहे अन्य युवक साथियों ने शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंच गए। पहले स्थानीय लोगों की मदद से तलाश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। मौके पर पहुंचे चौकी इंचार्ज विशाल सिंह, एसआई राम सिंह यादव, एसआई उमेश कुमार ने घटना की जानकारी लेकर गोताखोरों को बुलाया। शाम छह बजे के बाद युवक का शव तलाश कर गोताखोरों ने पानी से बाहर निकाला। घाट पर परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था। एसओ ज्ञानेंद्र कुमार राय ने बताया कि पुलिस की तरफ से आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।