तमकुहीराज। दाहूगंज-टड़वा मार्ग पर छट्ठू मोड़ के पास बुधवार को दोपहर में स्कूल से बच्चों को घर छोड़ने जा रहा स्कूल वाहन सड़क किनारे खेत में पलट गया। बच्चों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों की मदद से बच्चों को किसी तरह बाहर निकाला गया। हादसे में चार बच्चे घायल हो गए। शेष बच्चे सहम गए। स्कूल प्रशासन ने दूसरे वाहन से बच्चों को घर भेजा। घायलों का इलाज निजी अस्पताल में कराया गया। हादसे की वजह वाहन चलाते समय मोबाइल पर चालक का बात करना बताया जा रहा है। हादसे के बाद चालक फरार हो गया।
क्षेत्र के रामचंद्रापुर स्थित एक इंटर कॉलेज की इको वाहन बुधवार को छुट्टी के बाद दोपहर करीब एक बजे के बाद बच्चों को लेकर वापस घर छोड़ने जा रही थी। इसी दौरान दाहूगंज-टड़वा मार्ग पर छट्ठू मोड़ के समीप बस चलाते वक्त चालक मोबाइल पर बात करने लगा। चालक का ध्यान भटकने से वाहन अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे धान के खेत में पलट गया। इस वाहन में करीब 15 बच्चे सवार थे। उनमें से तमकुहीराज थाना क्षेत्र के गांव गोड़इता श्रीराम निवासी संतोष शर्मा के दो बच्चे आदित्य शर्मा (06), आराध्य शर्मा (07) , संजय शर्मा के बेटे आर्यन (06) और उपेंद्र यादव की बेटी गोल्डी (07) को चोटें आई हैं। वाहन पलटने के बाद आसपास के लोग पहुंचे और घायल बच्चों को वाहन से बाहर निकाला। स्कूल नजदीक होने से स्टाफ के लोग भी पहुंच गए। घायल बच्चों को स्कूल प्रबंधन के जुड़े लोग उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए। बाद में स्कूल पहुंचे परिजन बच्चों को निजी अस्पताल ले गए। हादसे के बाद बच्चे सहम गए थे और चीख रहे थे। बच्चों ने बताया कि चालक अंकल मोबाइल से हंस हंस कर बात कर रहे थे। इस दौरान वाहन खेत में पलट गया।
-इसकी जानकारी नहीं हैं। इंटर कॉलेज कैंपस में पब्लिक स्कूल कैसे चल रहा था। इसकी जांच कराई जाएगी। बीईओ से स्कूल वाहन पलटने और स्कूल की मान्यता रिपोर्ट मांगी जाएगी। स्कूल सेवरही ब्लॉक में संचालित होता है। -डॉ. रामजियावन मौर्य बीएसए