पति सहित चार के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज
पटहेरवा। थाना क्षेत्र के बलुआ शमशेर शाही गांव की एक महिला ने पति, सास व ससुर के खिलाफ दहेज के लिए घर से निकाल दिए जाने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि जब वह अपने भाई के साथ मायके से ससुराल पहुंची तो उसके साथ आरोपियों ने फिर गाली-गलौच मारपीट करने के साथ ही उसके घर में टीवी, कूलर, वाशिंग मशीन सहित करीब एक लाख का सामान तोड़ दिया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति, ससुर, सास सहित चार लोग के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, धमकी सहित अन्य गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।
बलुआ शमशेर शाही गांव की किशमती गुप्ता ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया कि उनकी सास ने दहेज के लिए उसे घर से निकल दिया है। इससे वह मायके खुदरा अहिरौली थाना तुर्कपट्टी में रह रही है। पीड़िता का आरोप है कि 15 जनवरी को अपने भाई के साथ ससुराल पहुंचीं, तो सास और ससुर गालियां देते हुए मारने पीटने लगे। यह देख भाई बीच-बचाव करने आया तो लोगों ने उसे भी मारपीट कर घायल कर दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष गिरिजेश उपाध्याय ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर उसके पति सहित चार पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।