बोदरवार। नेबुआ नौरंगिया के सौरहा खुर्द और फाजिलनगर के रहसूसोमाली पट्टी के बाद अब कप्तानगंज ब्लॉक के बोदरवार बाजार में कुत्ते रास्ता चलते लोगों पर हमला कर रहे हैं। दो दिन में 45 लोगों पर बोदरवार बाजार में कुत्तों ने हमला किया है। इसमें सर्वाधिक स्कूली बच्चे शामिल हैं। इसके चलते बच्चों को अभिभावक खुद स्कूल पहुंचाने जा रहे हैं। गांव वालों ने कुत्ते को पकड़वाने की मांग की है, लेकिन अभी तक कोई प्रयास नहीं किया जा सका है। इससे गांव वालों में आक्रोश है। रविवार को बोदरवार बाजार के सीएचसी पर रैबीज का इंजेक्शन लगवाने के लिए लोगों लोगों की भीड़ रही। लोगों ने बताया कि बोदरवार बाजार में कुत्तों की संख्या अचानक बढ़ गई। गलियों, चौराहों पर झुंड में घूम रहे हैं। मौका मिलते ही स्कूली बच्चों और बुजुर्गों पर हमला कर दे रहे हैं। बाइक सवार लोगों को भी दौड़ा रहे हैं।
कुत्तों के काटने से घायल विकास (5), जयहिंद (4) ,अभय (5),अंशू (8),शफीना (4), सुहेब(12), परी (3), आयुष (9), रेनू (40), शेषनाथ (50), आकाश (26), अंकित गौतम (23), धर्मेन्द्र (32) घायल हो गए। बोदरवार के आस-पास के गांव भलुही, बड़हरा, मठिया, मोहन मुंडेरा, बनकटा,असना गांव से 25 से अधिक लोग सीएचसी पर रैबीज का इंजेक्शन लगवाने के लिए पहुंंचे थे। गांव वालों का कहना है कि इधर एक सप्ताह से कुत्तों का आस-पास के गांवों में हमला बढ़ गया है। लोग घरों से बच्चों को नहीं निकलने दे रहे हैं, खुद हाथों में डंडा लेकर घरों से निकल रहे हैं, सर्वाधिक हमला कुत्तों बच्चों पर किया है।