जलभराव कहीं बना न दे बीमार
पडरौना। बारिश से शहर में जगह-जगह हुए जलभराव से संचारी रोगों के फैलने का खबरा बढ़ गया है। रोडवेज बस अड्डा परिसर से लेकर नगर के कई मोहल्लों में बारिश का पानी अब भी भरा है। जबकि मौसम में बदलाव की वजह से वायरल फीवर सहित अन्य रोगियों की तादाद बढ़ रही है।
स्थानीय लोगों ने जलभराव से निजात दिलाने और फॉगिंग कराने की मांग की है। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी ने बताया कि साफ-सफाई कराई जा रही है। एक अक्तूबर से विशेष अभियान चलाया जाएगा। बरसात का मौसम खत्म होने के कगार पर है, लेकिन कभी कभार होने वाली बारिश का असर मोहल्लों में नजर आ रहा है। सुभाष चौक स्थित बस अड्डा परिसर में एक सप्ताह से जलभराव है। इससे मच्छर पनपने लगे हैं। पानी में कूड़ा-करकट सड़ने से बदबू उठने लगी है।
रोडवेज प्रशासन की तरफ से इस समस्या के समाधान के लिए प्रयास नहीं किया जा रहा है। इसके अलावा तिलक नगर मिश्रा कॉलोनी, आवास विकास कॉलोनी, नगर अस्पताल के पीछे, तुलसी इंटर कॉलेज परिसर सहित कई जगहों पर जलभराव है।
...
ऐसे करें मलेरिया और डेंगू से बचाव
साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें, गमलों का पानी हर हफ्ते बदलते रहें, मेनहोल, सेप्टिक टैंक, रुकी हुई नालियां और कुएं आदि जगहों पर सफाई करें, मच्छरदानी का उपयोग करें। किसी तरह का लक्षण होने पर डॉक्टर की सलाह लें।
...
जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़ बढ़ी
इन दिनों जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ गई है। 150 बेड के जिला अस्पताल में प्रतिदिन 200 से अधिक मरीज भर्ती रह रहे हैं। ओपीडी में भी एक हजार से अधिक मरीज प्रतिदिन आ रहे हैं। इनमें सर्वाधिक संख्या बुखार, सर्दी-जुकाम, डायरिया आदि बीमारी से पीड़ितों की है। पीआईसीयू में भी बुखार, डायरिया, झटके के मरीज भर्ती हैं।
...
कोट
जलभराव वाले स्थानों को चिह्नित किया जा रहा है। एक अक्तूबर से संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू होगा। बीमारियों की रोकथाम के लिए नियमित सफाई कराई जा रही है।
संतराम सरोज, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका