पति जीवित, पत्नी ले रहीं विधवा पेंशन
फाजिलनगर ब्लॉक के सोहंग गांव का मामला
11 महिलाएं ले रहीं विधवा पेंशन, आधार सत्यापन में खुली पोल
जौरा बाजार (कुशीनगर)। वैसे तो विधवा पेंशन उन्हें देने का नियम है, जिनके पति की मृत्यु हो गई हो, लेकिन फाजिलनगर क्षेत्र में एक ऐसा गांव है, जहां 11 महिलाएं पति के जीवित रहते विधवा पेंशन का लाभ ले रही हैं। विभाग बेफिक्र होकर इनके खाते में पेंशन की रकम भेजता रहा। पोल तब खुली जब इस गांव में विधवा पेंशन की लाभार्थियों की सूची आधार सत्यापन के लिए आई। अब जिम्मेदार सूची से नाम हटाने में जुटे हैं।
बताया जा रहा है कि फाजिलनगर क्षेत्र के सोहंग गांव की उषा देवी पत्नी राजेश, उर्मिला शर्मा पत्नी रमाकांत, नरगिस खातून पत्नी मोहम्मद अशरफ, शकीला पत्नी शमशेर अली, जैतून खातून पत्नी इसरायल, कमलावती पत्नी राधेश्याम, लीलावती पत्नी रामाधार, मजबुन नेशा पत्नी मुबारक अली, मालती पत्नी रामायन, समीमा पत्नी तैयब, सुंतरा देवी पत्नी रामानंद को लाभ दिलाने के लिए पंचायत चुनाव से पहले विधवा पेंशन की लाभार्थियों की सूची में नाम जोड़वा दिया गया। ये सभी लाभार्थी विधवा पेंशन पा रही हैं। जबकि इनके पति जिंदा हैं।
इसके बावजूद विभाग इनके खाते में विधवा पेंशन की धनराशि भेज रहा है। भेद तब खुली, जब पेंशन के लाभार्थियों की सूची आधार सत्यापन के लिए गांव में आई। इसी प्रकार वृद्धा पेंशन में भी कम उम्र के लोगों का पेंशन देने की बात सामने आई है। लोगों का कहना है कि यह तो अभी एक गांव का मामला है। यदि निष्पक्ष जांच करा दी जाए तो अन्य गांवों में भी ऐसी गड़बड़ी सामने आ सकती है।
...
पति के जिंदा रहते विधवा पेंशन लेना गंभीर मामला है। सरकारी धन का दुरुपयोग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इसकी जांच कराकर धन की रिकवरी व जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी।
गुंजन द्विवेदी, सीडीओ