पडरौना। ओडीएफ प्लस गांव में हुए विकास कार्यों की समीक्षा में जिले के 35 गांवों की प्रगति बेहद धीमी मिली है। इसको गंभीरता से लेते हुए डीएम ने 35 गांवों के सचिवों का वेतन रोकने का आदेश दिया है। इसके अनुपालन में डीपीआरओ ने कार्रवाई का आदेश जारी किया है। यदि इन गांवों में 28 फरवरी तक आरआरसी सेंटर (कूड़ा निस्तारण केंद्र) का निर्माण नहीं हुआ तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बीते 20 फरवरी को डीएम की मौजूदगी में पडरौना, दुदही, खड्डा, नेबुआ नौरंगिया, रामकोला, मोतीचक, सेवरही, विशुनपुरा, तपकुही, सुकरौली ब्लॉक के चयनित ओडीएफ प्लस गांव में कराए गए विकाय कार्यों की समीक्षा की गई थी। इसमें आरआरसी सेंटर व ठोस प्रबंधन समेत अन्य विकास कार्यों की गति बेहद सुस्त मिली। इसको गंभीरता से लेते हुए डीएम ने डीपीआरओ को कार्रवाई का निर्देश दिया। डीएम के निर्देश पर डीपीआरओ ने इन ब्लॉकों के कुल 35 ग्राम सचिवों का फरवरी माह का वेतन तत्काल प्रभाव से रोककर नोटिस जारी किया है, जिसमें 28 फरवरी तक आरआरसी सेंटर का निर्माण कराने समेत अन्य निर्माण कार्यों को पूरा कराने का निर्देश दिया गया है।
इस संबंध में डीपीआरओ अभय यादव ने बताया कि जिले के 35 ओडीएफ प्लस गांव में कराए जा रहे विकास कार्यों की गति धीमी मिली थी। डीएम के निर्देश पर कार्रवाई हुई है।