कार्य नहीं करने वाले ठेकेदारों को नोटिस देकर कार्य शुरू कराने के लिए डीएम ने दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। कलक्ट्रेट सभागार में सोमवार को डीएम की अध्यक्षता में नगर निकाय की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। इसमें स्वच्छ भारत मिशन नगरीय, राज्य वित्त आयोग, दीनदयाल उपाध्याय योजना आदि की समीक्षा की गई।
बैठक में डीएम रमेश रंजन ने नगर निकाय व सभी अधिशासी अधिकारियों से उनके नगर निकायों में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति जानी। उन्होंने मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना, पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना, 15वां वित्त आयोग, राज्य वित्त आयोग, एमआरएफ सेंटर निर्माण, स्वच्छ भारत मिशन आदि की प्रगति की समीक्षा की।
डीएम ने अधिशासी अधिकारियों को सभी लंबित कार्यों को समय से पूरा कराने के निर्देश दिए। तालाब निर्माण संबंधी कार्यों को बारिश से पहले पूने, कसया स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग के पास फेंके जा रहे कूड़े का निस्तारण सुव्यस्थित करने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान अधिशासी अधिकारी पडरौना से विभिन्न विकास कार्य की प्रगति जानी। इसमें कार्य की प्रगति धीमी होने के साथ कार्य में लापरवाही मिली। इसको गंभीरता से लेते हुए डीएम ने पडरौना ईओ पर चार्ज शीट देने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि एडीएम और सभी अधिशासी अधिकारी निर्माण कार्य स्थलों का नियमित जांच करें। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन कार्यों में विवादित सभी मामलों में संबंधित एसडीएम से समन्वय स्थापित कर निस्तारण करें। ठेकेदार के कार्य नहीं करने पर उन्हें नोटिस देकर कार्य शुरू करवाया जाए। डीएम ने कहा कि टेंडर या बिड की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता न हो।
इस दौरान एडीएम देवीदयाल वर्मा समेत जिले के सभी नगर निकायों के ईओ और चेयरमैन मौजूद रहे।