- डुमरी सवांगीपट्टी गांव में बने आरआरसी सेंटर में गोबर की जगह दिखी बर्मी कंपोस्ट खाद
संवाद न्यूज एजेंसी
सुकरौली। क्षेत्र के डुमरी सवांगी पट्टी गांव में कूड़ा निस्तारण के लिए बने कूड़ा प्रबंधन केंद्र का शुक्रवार को डीएम ने निरीक्षण किया। इसमें आरआरसी सेंटर में गोबर की जगह वर्मी कंपोस्ट मिला। इसे गंभीरता से लेते हुए एडीओ पंचायत को फटकार लगाई तथा गांव के सचिव को निलंबित करने का आदेश दिया।
गांव में बने कूड़ा प्रबंधन केंद्र का निरीक्षण करने पहुंचे डीएम रमेश रंजन ने सबसे पहले आरआरसी सेंटर पर बने साेकपीट, नाली व वर्मी कंपोस्ट व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आरआरसी सेंटर पर वर्मी कंपोस्ट बनाने का कार्य समूह की महिलाओं के माध्यम से होना है। इससे अन्य गांवों के लोग भी वर्मी कंपोस्ट बनाने व कूड़ा प्रबंधन के प्रति जागरूक हो सकेंगे। निरीक्षण के दौरान डीएम को आरआरसी सेंटर पर गोबर की जगह तैयार कंपोस्ट खाद मिली। इस पर डीएम ने एडीओ पंचायत रामआशीष को फटकार लगाते हुए ग्राम पंचायत सचिव अजय प्रताप यादव को निलंबित करने का आदेश दिया।
इसके बाद डीएम ने हलका लेखपाल हृदयानंद वर्मा को अवैध कब्जा हटवाने के निर्देश दिए। डीम ने ढाढ़ा स्थित वन विभाग की नर्सरी और रामपुर सोहरौना स्थित मंझरिया माता मंदिर आदि का निरीक्षण कर इको टूरिज्म के तहत हो रहे विकास कार्यों की जानकारी ली।
इस दौरान सीडीओ गुंजन द्विवेदी, एसडीएम वरुण पांडेय, बीडीओ कृष्णा चतुर्वेदी, ग्राम प्रघान सतीश गुप्ता, पंचायत सचिव अखिलेश सोनकर आदि मौजूद रहे।