- वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए जिला प्रशासन ने जिले के पांच ग्राम पंचायतों का सीएम पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के लिए भेजा था नाम
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के तहत शुक्रवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री ने ठाढ़ीभार के ग्राम प्रधान को प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्हें 11 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि मिली है। इसके अलावा सीएम ने जिले के चार अन्य ग्राम प्रधानों को भी सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए जिला प्रशासन की ओर से जिले की पांच ग्राम पंचायतों का चयन कर शासन को भेजा गया था। उसके बाद शासन की ओर से पांच ग्राम पंचायतों को पुरस्कार देने के लिए नाम भेजा था।
शुक्रवार को लखनऊ में हुए सम्मान समारोह में दुदही ब्लॉक के ग्राम पंचायत ठाढ़ीभार के प्रधान जयप्रकाश यादव को प्रथम, पडरौना ब्लॉक के नरसर के प्रधान बाबूराम को द्वितीय, तमकुहीराज ब्लॉक की गौरी इब्राहिम ग्राम पंचायत के प्रधान को तृतीय, कसया ब्लॉक के बतेसरा के प्रधान मोहनलाल गुप्ता को चतुर्थ और कसया ब्लॉक के धुरिया के प्रधान विजय बहादुर राय को पंचम व सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
इस योजना के तहत मिले प्रथम पुरस्कार के रूप में 11 लाख, द्वितीय पुरस्कार के रूप में नौ लाख, तृतीय पुरस्कार के रूप में छह लाख, चतुर्थ पुरस्कार के रूप में चार लाख और पंचम स्थान पाने वाले ग्राम प्रधान को दो लाख रुपये मिलेंगे। पुरस्कार के रूप में मिली अतिरिक्त धनराशि से संबंधित ग्राम प्रधान अपने गांव में विकास कार्य कराएंगे।
पुरस्कार वितरण के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ के अलावा उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या, वित्त मंत्री राकेश खन्ना, विजयलक्ष्मी गौतम, प्रमुख सचिव दुर्गा प्रसाद मिश्रा, पंचायती राज निदेशक मनोज कुमार सिंह और डीपीआरओ आलोक प्रियदर्शी आदि मौजूद रहे।