नोनियापट्टी में निरीक्षण करते डीएम,एसपी और अन्य अधिकारी।
- फोटो : KUSHINAGAR
डीएम-एसपी ने नोनियापट्टी में जाना कटान का हाल
बाढ़ खंड के अभियंताओं को कटान रोकने की हिदायत
तमकुहीरोड। डीएम और एसपी ने बाढ़ खंड के अभियंताओं के साथ नोनियापट्टी में गंडक नदी के कटान और पूर्व में गंगा बैराज मेकेनिकल मेंटेनेंस कानपुर की टीम के नदी की धारा मोड़ने के कार्य का गुरुवार को निरीक्षण किया। डीएम ने अभियंताओं को कटान रोकने के साथ गांव वालों को सुरक्षित करने की हिदायत दी। कहा कि बचाव कार्य में किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मोटरबोट से निरीक्षण का कार्यक्रम टाल दिया गया।
अहिरौलीदान के नोनियापट्टी में तीन दिन पहले अचानक गंडक नदी की कटान तेज हो जाने के चलते तीन परिवारों को अपनी झोपड़ियां उजाड़ पलायन करने को मजबूर होना पड़ा। कई और लोग भी जरूरी सामान समेटने लगे थे, लेकिन अब स्थिति सामान्य हो गई है और नदी में पहले जैसी तीव्रता नहीं है। बृहस्पतिवार को इसी क्रम में रकबा जंगलीपट्टी में मेगा मॉक एक्सरसाइज कराने के बाद डीएम डॉ. अनिल कुमार सिंह, एसपी राजीव नारायण मिश्र, एसडीएम तमकुहीराज अरविंद कुमार, गंगा बैराज मेकेनिकल मेंटेनेंस टीम कानपुर के अधिशासी अभियंता पीके वर्मा, बाढ़खंड के अधिशासी अभियंता भरतराम, सहायक अभियंता पीसी त्रिपाठी नोनियापट्टी पहुंचे। कटान की स्थिति सामान्य होने पर खुशी जताई और भयभीत गांव वालों से बात की। बाढ़ खंड के अभियंताओं को कटान रोकने के साथ गांव वालों को भी सुरक्षित करने का निर्देश दिया। बैराज टीम के अधिशासी अभियंता पीके वर्मा के चैनल खुदाई के कार्य को पूरी तरह सफल बताने पर मोटरबोट से निरीक्षण का कार्य टाल दिया गया। जबकि इसके लिए पहले से ही मोटरबोट मंगा ली गई थी।