डीएम ने तहसील और छितौनी तटबंध का किया निरीक्षण
खड्डा। स्थानीय तहसील और छितौनी तटबंध का शुक्रवार को डीएम ने निरीक्षण किया। इस दौरान नगर पंचायत की तरफ से बनवाए गए अंत्येष्टि स्थल की दुर्दशा देख उन्होंने नाराजगी जताई। इसके बाद एसडीएम से छितौनी तटबंध की विस्तृत जानकारी ली।
शुक्रवार शाम करीब चार बजे डीएम एस. राजलिंगम ने गंडक नदी तट पर बने वीरभार ठोकर का निरीक्षण किया। वहां मौजूद एसडीएम अरविंद कुमार से नदी उस पास बसे निचलौल तहसील और खड्डा तहसील के गांव के बारे में जानकारी ली। आने-जाने के मार्ग व नाव से यात्रा आदि की जानकारी के साथ ही बाल गोविंद छपरा गांव में बिहार के लोगों द्वारा कब्जा के मामले में जानकारी ली। वहां मौजूद बाढ़ खंड के एसडीओ राजेंद्र पासवान ने स्पर व बांध के रखरखाव व सुरक्षा उपाय की तकनीकी जानकारी दी। ठोकर के पास नगर पंचायत द्वारा बनाए गए अंत्येष्टि स्थल को अधूरा व मानक विहीन देखकर एसडीएम से पूरी जांचकर रिपोर्ट देने को कहा। इसके बाद डीएम तहसील मुख्यालय पहुंचे। नगर पंचायत क्षेत्र में लचर साफ सफाई व जगह जगह गंदगी देख ईओ देवेश मिश्रा को तलब कर उन्हें फटकार लगाई। इसके बाद एसडीएम कार्यालय व पेशकार राहुल चतुर्वेदी के दफ्तर पहुंचे वहां व्यवस्था देख संतुष्ट दिखे। उन्होंने आरके दफ्तर के पत्रावली के निरीक्षण में नोटिस जारी करने का लेखाजोखा नहीं होने पर नाराजगी जताई। डीएम एस राजलिंगम ने बताया कि तहसील निर्माण के लिए जमीन का मसला हल हो गया है। कैबिनेट से पास होते ही धन उपलब्ध हो जाएगा। तहसील का निरीक्षण किया गया । सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने के लिए निर्देश दिया गया है। ईओ को साफ सफाई हेतु कड़ा निर्देश दिया गया है। जनता के कार्यो में ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी ।
000000
सुधीर कुमार मिश्र