पडरौना। राज्य संयुक्त कर्मचारी परिषद कुशीनगर से जुड़े कर्मचारियों ने मंगलवार को डीएम से मुलाकात की। इसमें डीएम ने कर्मचारियों से उनकी विभिन्न समस्याओं पर चर्चा कर उन्हें शीघ्र निस्तारण का भरोसा दिया। जिलाध्यक्ष प्रभुनंद उपाध्याय की अगुवाई में डीएम महेंद्र सिंह तंवर से मिले लेखपाल संघ अध्यक्ष नीलेश रंजन राव, एनएचएम संघ जिलाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार पांडेय समेत अन्य कर्मचारियों ने कहा कि उनकी समस्याओं और शिकायतों के निस्तारण के लिए बार-बार अधिकारियों को मांग पत्र दिया जाता है। लेकिन अधिकारियों के आश्वासन के बाद भी उसका समय पर निस्तारण नहीं होता है। कर्मचारियों ने डीएम से राज्य कर्मचारियों और संविदा आउटसोर्सिंग को वेतन माह के एक या दो तारिख तक देने, समस्त विभागों के कर्मचारियों की संबद्धता को समाप्त करने का निर्देश देने की मांग की।