पडरौना। राजस्व वसूली को लेकर डीएम ने कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को बैठक किया। राजस्व वसूली में शिथिलता पाए जाने पर डीएम ने खड्डा के एसडीएम का वेतन रोकने तथा विधिक देयक वसूली में कमी पाए जाने पर कसया के तहसीलदार का वेतन रोकने का निर्देश दिया।
डीएम आंद्रा वामसी ने कहा कि राजस्व वसूली से संबंधित सभी अधिकारी इस कार्य में तेजी लाएं। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। व्यापार कर वसूली की समीक्षा करते हुए डीएम ने तहसीलदार कसया को फरवरी माह के अंत तक कार्य पूर्ण कर लेने का निर्देश दिया। उन्होंने तहसील दिवस में लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण, एंटी भू माफिया अभियान के तहत खाली कराई गई सरकारी जमीन की पैमाइश कराकर रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा पांच वर्ष से अधिक समय से लंबित मामलों व मुकदमों को वरीयता के आधारित पर निस्तारित करने का निर्देश दिया। आवास निर्माण से संबंधित कार्यों में तेजी लाने की बात कही। इसी तरह ईओ खड्डा के कार्य में लापरवाही पाए जाने पर डीएम ने उनका वेतन रोकने का निर्देश दिया।
इस बैठक में डीएम ने परिवहन, मंडी, विद्युत कनेक्शन सहित सभी विभागों से जुड़े कार्यों की समीक्षा की। ईओ पडरौना डॉ. मणि भूषण तिवारी ने बताया कि नगर में लगी सोडियम लाइट को उतरवाकर एलईडी लाइट लगाई जा रही है, जिस पर डीएम ने सभी एसडीएम को भी सोडियम लाइट की जगह एलईडी लाइट लगवाने का निर्देश दिया।
इस दौरान सभी एसडीएम, तहसीलदार, एपीओ, ईओ, जिला पूर्ति अधिकारी और कलेक्ट्रेट के कर्मचारी मौजूद थे।