फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kushinagar News: केले की फसल की बीमा राशि के भुगतान में देरी पर डीएम नाराज

विज्ञापन
विज्ञापन
किसान दिवस में क्षतिपूर्ति का भुगतान जल्द कराने के निर्देश, पराली जलाने के बजाय वैज्ञानिक विधि से प्रबंधन करने की अपील
विज्ञापन

पडरौना। कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को किसान दिवस का आयोजन हुआ। इसमें केले की फसल को नुकसान होने के बावजूद किसानों को बीमा क्षतिपूर्ति की राशि नहीं मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों में आवश्यक कार्रवाई कर किसानों को जल्द भुगतान कराने के निर्देश दिए।
बैठक में उप कृषि निदेशक अतिंद्र सिंह ने पिछले किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस दौरान डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। डीएम ने किसानों से अपील की कि वे फसल अवशेष यानी पराली को खेतों में न जलाएं। इसके बजाय वैज्ञानिक विधि से उसका प्रबंधन करें ताकि मिट्टी की उर्वरा शक्ति बनी रहे और पर्यावरण को नुकसान न पहुंचें।
विज्ञापन

डीएम ने संबंधित अधिकारियों को पराली के उचित प्रबंधन और बिक्री की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान केले की फसल को हुए नुकसान के बावजूद बीमा क्षतिपूर्ति का भुगतान नहीं होने का मुद्दा उठा। फसल बीमा कंपनी के जिला समन्वयक प्रिंस मिश्र ने बताया कि खरीफ 2023 में भारी बारिश और प्रतिकूल मौसम के कारण केले की फसल प्रभावित हुई थी। खरीफ 2024 और खरीफ 2025 में भी फसल को नुकसान पहुंचा लेकिन बीमा योजना के तहत देय क्षतिपूर्ति राशि का भुगतान अब तक किसानों को नहीं हो सका है।
इस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए लंबित मामलों में कार्रवाई कर भुगतान जल्द सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। बैठक में कूड़ा निस्तारण और खुले में कचरा फेंके जाने से संबंधित शिकायतों पर भी चर्चा हुई। डीएम ने सवाल उठाया कि जब कूड़ा निस्तारण के लिए मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) की व्यवस्था है, तो खुले में अवैध डंपिंग क्यों की जा रही है। उन्होंने वैज्ञानिक और व्यवस्थित तरीके से कूड़ा निस्तारण की कार्ययोजना तैयार कर उसे प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए।
विज्ञापन

इस दौरान सीडीओ वंदिता श्रीवास्तव, जिला कृषि अधिकारी संजीव कुमार सिंह, जिला उद्यान अधिकारी कृष्ण कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. शांति प्रकाश द्विवेदी, अग्रणी जिला प्रबंधक संतोष कुमार आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें