पडरौना। देवरिया जिला कारागार का बृहस्पतिवार को जिला जज, डीएम, एसपी और सीजेएम ने निरीक्षण किया। उन्होंने कैदियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं जानीं और निस्तारण का आश्वासन दिया।
जनपद न्यायाधीश सुशील कुमार शशि, डीएम विशाल भारद्वाज, सीजेएम कविता सिंह और एसपी संतोष कुमार मिश्रा ने बैरक, पाकशाला और चिकित्सालय आदि का निरीक्षण किया। कैदियों के लिए खान पान की व्यवस्था की निगरानी करते हुए डीएम ने भोजन चख कर भोजन की गुणवत्ता परखी। निरीक्षण के दौरान कैदियों से संवाद कर साफ-सफाई, स्वास्थ्य सुविधाएं, जेल मेन्यू के अनुसार भोजन, जमानत की स्थिति समेत निरुद्ध कैदियों से वकील होने और ना होने की जानकारी लेते हुए जरूरतमंद कैदियों की जमानत के लिए सरकारी वकील की व्यवस्था कराने की बात कही। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने महिला बैरक में बच्चों को बिस्कुट भी वितरित किया।
इस दौरान देवरिया जेल अधीक्षक प्रेम सागर शुक्ल, जेलर राजकुमार, उप जेलर आदित्य कुमार, शिवनाथ पांडेय, चिकित्सक डाॅ. हरिपाल विश्वकर्मा, डाॅ. राहुल त्रिपाठी, फार्मासिस्ट रमेश दुबे आदि मौजूद रहे।