जिलाध्यक्ष सचिन को मिला भारत-भूषण सम्मान
पडरौना (कुशीनगर )। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल ने शनिवार की देर शाम लखनऊ स्थित संगठन कार्यालय में कुशीनगर के जिला कार्यकारिणी का नए सिरे से गठन किया। इस दौरान अखिल भारतीय उद्योग युवा व्यापार मंडल के प्रदेश मंत्री सचिन चौरसिया को अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल कुशीनगर का जिलाध्यक्ष मनोनीत किया गया। इसके बाद उन्हें संगठन द्वारा स्मृति चिह्न देकर भारत भूषण सम्मान से सम्मानित किया गया।
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की तरफ से कुछ दिन पहले कुशीनगर की जिला कार्यकारिणी भंग कर दी गई थी। शनिवार की देर शाम लखनऊ स्थित संगठन के प्रदेश कार्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों और कुशीनगर जिले के वरिष्ठ सदस्यों की बैठक हुई। इसमें सर्वसम्मति से संगठन के प्रदेश मंत्री सचिन चौरसिया को कुशीनगर का जिलाध्यक्ष मनोनीत कर उन्हें भारत भूषण सम्मान से सम्मानित किया गया। इसके बाद संगठन का विस्तार करते हुए आशीष खेतान को जिला महामंत्री, विपिन जायसवाल को पडरौना नगर अध्यक्ष, अक्षय स्वर्णकार को संगठन का युवा जिलाध्यक्ष मनोनीत किया गया। इसके अलावा 15 पदाधिकारी एवं जिले के 101 कार्यकारिणी सदस्यों की सूची राष्ट्रीय अध्यक्ष को भेजी गई, जिसमें लालबाबू गुप्ता व जयप्रकाश चौरसिया को मुख्य संरक्षक मनोनीत किया गया। इन सभी पदाधिकारियों को नगर के व्यापारियों ने बधाई दी है।