पडरौना। जिला पंचायत अध्यक्ष और सदस्याें का शपथ ग्रहण समारोह बुधवार को संपन्न हो गया। जिला पंचायत अध्यक्ष को डीएम ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई, जबकि जिला पंचायत अध्यक्ष ने सभी सदस्यों को शपथ दिलाई।
इस समारोह में प्रदेश सरकार के एक कैबिनेट मंत्री सहित जिले के प्रभारी मंत्री वसीम अहमद और अन्य लोग मौजूद थे। लेकिन जिला पंचायत बोर्ड की कार्यकारिणी गठित नहीं होने पाई।
डीएम लोकेश एम ने जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश राणा को शपथ दिलाई। उसके बाद जिला पंचायत अध्यक्ष ने सभी 67 जिला पंचायत सदस्यों को उनके पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
समारोह में मौजूद वक्ताओं ने बोर्ड के नए अध्यक्ष से जनपद के विकास कार्यों में तेजी लाने की आशा व्यक्त की। इस मौके पर सीडीओ केदारनाथ सिंह, पूर्व सांसद बालेश्वर यादव, रामकोला के विधायक पूर्णमासी देहाती, गंगा सिंह कुशवाहा, पूर्व विधायक डॉ. पीके राय, सपा जिलाध्यक्ष रामअवध यादव, एनपी कुशवाहा, कैसर जमाल टीटू, कौशल शुक्ला सहित अनेक लोग मौजूद थे।
इस दौरान सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे।