फाजिलनगर। अखिल भारतीय शहीद मेजर अमिय त्रिपाठी क्रिकेट प्रतियोगिता के उद्घाटन से पहले आयोजित होने वाली मशाल दौड़ में शामिल होने के लिए धावक-धाविकाओं के आवेदन फॉर्म का वितरण शुरू हो गया है। इच्छुक प्रतिभागी 18 से 31 अक्तूबर तक नगर पंचायत के कॉलेज रोड स्थित आजाद स्पोर्ट्स से निशुल्क फॉर्म प्राप्त कर सकते हैं।
आयोजन समिति के मीडिया प्रभारी दिनेश सिंह ने बताया कि शहीद मेजर अमिय त्रिपाठी की स्मृति में पिछले 20 वर्षों से राष्ट्रीय स्तर की क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता के उद्घाटन से पहले मशाल दौड़ का आयोजन किया जाता है। इसके लिए प्रतिभागियों का चयन एक नवंबर को एसबीएम पीजी कॉलेज के मैदान में ट्रायल के माध्यम से होगा। उन्होंने बताया कि चयनित धावक-धाविकाएं प्रतियोगिता से पहले मशाल लेकर आयोजन स्थल तक पहुंचेंगे। वहां मुख्य अतिथि अमर जवान ज्योति प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का उद्घाटन करेंगे। संवाद