पडरौना। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत खाद्यान्न वितरण को पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध बनाए रखने के लिए डीएम ने निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने जुलाई, अगस्त एवं सितंबर तक राशन वितरण में अनियमितता रोकने के लिए नामित नोडल अधिकारियों को वितरण से पूर्व अनाज की मात्रा एवं गुणवत्ता का सत्यापन करने के निर्देश दिए हैं।डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि भारतीय खाद्य निगम से खाद्यान्न प्रेषण की रीयल-टाइम ऑनलाइन फीडिंग सुनिश्चित की जाएगी। खाद्यान्न के दुकान पर पहुंचने की सूचना संबंधित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को समय से उपलब्ध कराई जाएगी। पूर्ति निरीक्षक एवं विपणन निरीक्षक खाद्यान्न की मात्रा एवं गुणवत्ता का मौके पर सत्यापन कर ई-पॉस ऐप के माध्यम से नियमानुसार रिसीविंग कराएंगे। डीएम ने सभी एसडीएम के निर्देश दिए हैं कि उनके क्षेत्र की प्रत्येक उचित दर दुकान पर खाद्यान्न वितरण से पूर्व सत्यापन की व्यवस्था करें। जिला पूर्ति अधिकारी समस्त सत्यापन एवं वितरण रिपोर्टों का संकलन कर समय से प्रस्तुत करेंगे। किसी भी प्रकार की अनियमितता तत्काल संज्ञान में लाएंगे। डीएम ने कहा कि सभी निरीक्षण अधिकारी शासनादेश के अनुसार निर्धारित प्रतिशत में उचित दर दुकानों का गुणवत्तापरक निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण एप्लीकेशन का उपयोग करते हुए वितरण व्यवस्था की निगरानी करेंगे। निरीक्षण के दौरान नोडल अधिकारियों की उपस्थिति, ई-पॉस मशीन से निशुल्क वितरण, वितरण पर्चियों पर मूल्य शून्य अंकित होने, घटतौली, स्टॉक सत्यापन एवं अन्य निर्धारित बिंदुओं की विशेष रूप से जांच की जाएगी।