आर्केस्ट्रा में विवाद के दौरान युवक को लगा चाकू,स्रोत सोशल मीडिया
दुदही। विशुनपुरा थाना क्षेत्र के बड़हरा वृत्त में शनिवार की शाम परछावन के दौरान आर्केस्ट्रा में डांस को लेकर विवाद हो गया। नाराज दूसरे पक्ष के 10 से अधिक युवकों ने बरात में शामिल दीपराज को गन्ने के खेत में ले जाकर चाकू से गोद दिया। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार, बड़हरा वृत्त निवासी इंद्रदेव कुशवाहा के पुत्र की बरात जा रही थी। बड़ी गंडक नगर की पटरी पर नेटुआ वीर बाबा स्थान के पास परछावन चल रहा था। इसी दौरान आर्केस्ट्रा में नाचने को लेकर गांव के कुछ युवकों से बीच विवाद हो गया। लोगों ने समझा-बुझाकर शांत करा दिया।
इसके बाद बरात करीब तीन किलोमीटर दूर मठिया माफी स्थित नंदू कुशवाहा के घर पहुंची। रात करीब 9:30 बजे गांव के युवक चाकू लेकर वहां पहुंच गए और बरात में शामिल 18 वर्षीय दीपराज कुशवाहा पुत्र कैलाश को पकड़कर गन्ने के खेत में ले गए। वहां उस पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया।
जब तक बराती मौके पर पहुंचे, हमलावर फरार हो चुके थे। हालांकि ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। गंभीर रूप से घायल दीपराज को दुदही सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष विनय मिश्रा ने बताया कि युवक को चाकू लगा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है। एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।