पडरौना। क्षेत्र के एक परीक्षा केंद्र से रिजर्व पेपर से दूसरी पाली में परीक्षा कराने का मामला सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि डीआईओएस ने इसे अफवाह बताया है। वहीं परीक्षा केंद्र पर शिथिलता बरतने के मामले में केंद्र व्यवस्थापक को बदल दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को दूसरी पाली में फजिलनगर क्षेत्र के अशोक विद्या पीठ इंटरमीडिएट कॉलेज नकटहां मिश्र में परीक्षा के दौरान केंद्र को मिले रिजर्व पेपर से परीक्षार्थियों का पेपर कराने का मामला सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जबकि, माध्यमिक शिक्षा विभाग इसे अफवाह करार दे रहा है। डीआईओएस श्रवण कुमार गुप्ता ने बताया कि यह पूरा मामला अफवाह है। इस तरह की कोई बात नहीं है।
रिजर्व पेपर के चौथे आलमारी की चाभी थानाध्यक्ष के पास थी। उन्होंने बताया कि बोर्ड परीक्षा के दौरान कार्यों में शिथिलता बरतने पर केंद्र व्यवस्थापक व प्रधानाचार्य कश्यप कुमार को हटा दिया गया है। उनके स्थान पर वरिष्ठ शिक्षक गिरिजेश कुमार त्रिपाठी केंद्र व्यवस्थापक बनाया गया है।