कस्बे के किदवई नगर में मुहल्ले में एक माह से घरों का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। कई बार शिकायत के बाद भी नगर पंचायत के जिम्मेदार इसकी व्यवस्था नहीं करा पा रहे हैं। मजबूरन लोगों को गंदे पानी के बीच से ही आना-जाना पड़ रहा है। दिवाली जैसे महत्वपूर्ण त्योहार पर भी फैली गंदगी से लोगों में नाराजगी है।
सेवरही कस्बे के वार्ड नंबर 4 किदवई नगर में कुछ महीना पहले ही जल निकासी के लिए लाखों रुपया खर्च करके नाली का निर्माण कराया गया था। मुहल्ला निवासी राजू गुप्ता का कहना है कि नाली निर्माण में इस कदर लापरवाही बरती गई कि जलनिकासी की स्थिति पहले से भी खराब हो गई। मेराज, विक्की, सलाउद्दीन, अब्दुल्लाह, आकाश आदि का कहना है कि गंदे पानी के बीच से ही होकर बच्चों को स्कूल जाना पड़ता है। पूजा व नमाज पढ़ने वालों को भी इसी गंदगी के बीच से आना-जाना पड़ता है। बार-बार शिकायत के बाद भी अब तक लोगों की शिकायत दूर नहीं हो पाई है। मुहल्ले के लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर शीघ्र समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को बाध्य होंगे।
मुहल्ले के सभासद गोविंद जायसवाल का कहना है कि नाली निर्माण के वक्त भी उन्होंने इसकी शिकायत की थी। ठेकेदार के विरुद्घ कार्रवाई के लिए भी उन्होंने संबंधित लोगों को पत्र दिया है।
इस संबंध में नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी एसके गौतम का कहना है कि मौके पर सफाई नायक को भेजकर सफाई कराई जाएगी। जल्दी ही लोगों को इस समस्या से छुटकारा मिल जाएगा।