तमकुहीरोड। सेवरही में निर्माणाधीन बस अड्डे के निर्माण कार्य का शनिवार को नगर पंचायत अध्यक्ष ने निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य तेजी लाने के निर्देश दिए।
नगर पंचायत अध्यक्ष सोनिया जायसवाल ने कहा कि यूपी व बिहार सीमा स्थित सेवरही कस्बा क्षेत्र का महत्वपूर्ण व्यवसायिक केंद्र है। करीब एक दशक पहले कस्बा में किराए के कैंपस में सरकारी बस अड्डे का संचालन कर लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, सोनौली समेत अन्य स्थानों के लिए निगम की नियमित बसों का संचालन होता था। यहां यात्री सुविधाएं मुहैया नहीं होने से बाद में लंबी दूरी की बसों का संचालन बंद हो गया। वर्तमान में उन्नाव डिपो की एक मात्र बस नियमित कानपुर के लिए चलाई जा रही है। शेष बसें कसया, गोरखपुर, देवरिया के लिए ही चलाई जाती है। बस अड्डे के निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण के बाद चार अप्रैल 2023 को प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने शिलान्यास कर बस अड्डा निर्माण शुरू करा दिया। इसके बाद यहां भवन के साथ शौचालय का निर्माण कर बजट के अभाव में निर्माण कार्य बंद हो गया। बीते 12 मार्च को तमकुहीराज विधायक डाॅ. असीम कुमार ने भूमि पूजन कर निर्माण कार्य दूबारा शुरू कराया। शुक्रवार को बस अड्डा परिसर में चल रहे यात्री शेड, महिला-पुरुष शौचालय व प्रसाधन, टिकट काउंटर, लंच रूम, यात्री कक्ष, बाउंड्री वाल आदि का निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर निर्धारित मानक के अनुसार तेजी से निर्माण कराने के निर्देश दिए।