पडरौना। उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती परीक्षा-2025 को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में डीएम महेन्द्र सिंह तंवर और एसपी केशव कुमार ने परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अफसरों ने बुद्धा इंटर कॉलेज सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर सुरक्षा इंतजामों की बारीकी से जांच की। इस दौरान सीसीटीवी निगरानी, स्टेटिक व सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती, प्रवेश द्वार पर अभ्यर्थियों की सघन फ्रिस्किंग (शारीरिक तलाशी) और अन्य व्यवस्थाओं को परखा गया। अधिकारियों ने केंद्र प्रभारियों और तैनात पुलिस बल को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता से किसी भी कीमत पर समझौता न किया जाए। निरीक्षण के दौरान यह भी सुनिश्चित किया गया कि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा के साथ-साथ परीक्षार्थियों की सुविधा का भी पूरा ध्यान रखा जाए, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हो सके। जिले में यह परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल 2026 को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। डीएम ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय से परीक्षा केंद्र पर पहुंचें और केवल आवश्यक दस्तावेज ही साथ लाएं। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अनियमितता की जानकारी तुरंत संबंधित अधिकारी को देने को कहा गया है।