कसया। क्षेत्र के शिवपुर–कुबेरस्थान मार्ग पर बतरौली का जर्जर और संकरा पुल अब अतीत की बात बनने जा रहा है। इसकी जगह अब करीब 3 करोड़ 62 लाख रुपये की लागत से तीन मीटर चौड़े और आठ मीटर लंबे पुल का निर्माण कराया जाएगा। पहले यह पुल ढाई मीटर चौड़ा था। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने जा रहा है।
यह मार्ग क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, जो राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) को जिला प्रमुख मार्ग (एमडीआर) से जोड़ता है। प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं, लेकिन वर्षों से क्षतिग्रस्त और संकरे पुल के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। आमने-सामने वाहन आने पर जाम लग जाता है। दुर्घटनाओं का भी खतरा रहता है।
बरसात के दिनों में स्थिति और भयावह हो जाती थी। पुल जर्जर हाेने से लोगों की सुरक्षा पर खतरा मंडराने लगता था। स्थानीय किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने कई बार इस समस्या को लेकर आवाज उठाई थी और पुल के निर्माण की मांग की थी। इस बहुप्रतीक्षित परियोजना को मंजूरी मिलने से क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। लोगों का कहना है कि नए पुल के निर्माण से न सिर्फ आवागमन सुगम और सुरक्षित होगा, बल्कि व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
ग्रामीण इलाकों से बाजार, स्कूल और अस्पताल तक पहुंच आसान हो जाएगी। जानकारी के अनुसार इस पुल के बन जाने से करीब 50 हजार की आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकेगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पुल क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि निर्माण कार्य को गुणवत्ता और समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाएगा, ताकि जल्द से जल्द लोगों को इसका लाभ मिल सके। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के एई मुकेश वर्मा ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जा रहा हैं।