कसया(कुशीनगर)। सड़क किनारे खड़े ट्रकों और टैंकरों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने शनिवार को पर्दाफाश किया है। पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 75 लीटर डीजल, चोरी में प्रयुक्त उपकरण, एक कार और एक टैंकर बरामद किया गया है।
एसची के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत कसया पुलिस ने गिरोह के सदस्य नितेश उर्फ बाबूलाल पासवान निवासी रामनगर कड़जहा धूसी टोला थाना खोराबार जनपद गोरखपुर, रितविक रावत निवासी विलंदपुर डीआईजी बंगला के सामने थाना कैंट जनपद गोरखपुर, शुभम यादव निवासी नसीराबाद मारवाड़ इंटर कालेज के पास वार्ड नं0 63 थाना कोतवाली जनपद गोरखपुर, मोनू उर्फ श्याम सूरत पासवान निवासी राजधानी टोला धनवारपार थाना झंगहा जनपद गोरखपुर, आदित्य गुप्ता उर्फ गोलू निवासी कुंवर बखरा थाना गौरीबाजार देवरिया को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे डिपो से टैंकर लेकर पेट्रोल पंपों तक पहुंचाते थे। रात में सुनसान स्थान पर खड़े ट्रकों और टैंकरों को निशाना बनाकर पाइप के जरिए डीजल निकाल लेते थे। पीछे से कार से आ रहे गिरोह के गुर्गाें के जरिये चोरी किए गए डीजल को ठिकाने लगा देते थे। पहचान छिपाने के लिए कार की नंबर प्लेट पर ग्रीस लगाकर या बदलकर वारदात को अंजाम देते थे। चोरी किए गए डीजल को बाद में बेच देते थे।
कसया सीओ कुंदन सिंह ने कसया थाने में गिरोह का पर्दाफाश किया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो लोहे की रॉड, दो प्लास्टिक पाइप, प्लास्टिक के पांच गैलन, एक अर्टिगा कार और एक टैंकर बरामद किया है। इस संबंध में थाना कसया में विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक आशुतोष सिंह, एसआई रुद्र प्रताप, गौरव श्रीवास्तव, पंकज सिंह, गनेश प्रजापति, उमाशंकर, आलोक यादव, अभिषेक राय, सूरज मिश्रा, ज्ञान प्रकाश चौहान की टीम शामिल रही।