पडरौना। नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में मंगलवार को देवशिल्पी विश्वकर्मा की पूजा की गई। औद्योगिक संस्थानों, वर्कशाप, मोटर गैरेज व अन्य कल कारखानों में साफ-सफाई के बाद पूजन-अर्चन किया गया। नगर के रोडवेज वर्कशाप, बिजली घर, आईआटीआई, औद्योगिक आस्थान परिसर में लगे कारखाना सहित विभिन्न स्थानों पर धूमधाम के साथ देवशिल्पी की पूजा की गई।
मान्यता है कि भाद्रपद मास की अमावस्या के दिन व्रत रखकर विश्वकर्मा का महात्म्य सुनने से दरिद्रता दूर होती है। साथ ही उनके लौह एवं मशीनरी व्यापार में वृद्ध होती। विश्वकर्मा पूजन के लिए नगर सहित ग्रामीण अंचलों में आकर्षक पंडाल सजाए गए थे। छावनी स्थित रोडवेज वर्कशाप, कठकुइयां मोड़ स्थित बिजली घर, छावनी स्थित राजकीय आईटीआई, रामकोला रोड स्थित औद्योगिक आस्थान में लगे कल कारखानों में देवशिल्पी का पूजन-अर्चन धूमधाम से किया गया। कुछ स्थानों पर देर शाम भजन कीर्तन का आयोजन किया गया।
रामकोला प्रतिनिधि के अनुसार त्रिवेणी चीनी मिल में मंगलवार को धूमधाम से विश्वकर्मा पूजा का आयोजन किया गया। पंडित विश्वनाथ पांडेय ने विधिवत पूजन कराया। इसके बाद मिल के अधिकारी और कर्मचारियों में प्रसाद वितरित किया गया।
इस दौरान चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक यशराज सिंह, कारखाना प्रबंधक मानवेंद्र राय, चीफ इंजीनियर अवधेश कुमार सिंह, चीफ केमिस्ट संजय तिवारी, गन्ना प्रबंधक सुनील दत्त, डॉ. संजय त्रिपाठी, डॉ. शिवाजी राव, ओमप्रकाश तिवारी, आनंद मिश्रा आदि मौजूद रहे।
तमकुहीरोड प्रतिनिधि के अनुसार मंगलवार को भगवान विश्वकर्मा जयंती बड़े धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर विश्वकर्मा मंदिर, चीनी मिल, रेलवे वर्कशाप, नगर पंचायत कार्यालय, टैक्सी स्टैंड, सिंचाई विभाग कार्यालय, बिजली घर, गन्ना अनुसंधान संस्थान आदि औद्योगिक और कल कारखानों में भगवान विश्वकर्मा की पूजा अर्चना की गई।
विश्वकर्मा पूजन के दौरान सेवरही चीनी मिल में मिल के अधिशासी निदेशक वाईपी सिंह, एक्सईएन आरएस राम, एसडीओ रमेश यादव, सीनियर सेक्शन इंजीनियर एके सिंह, केन मैनेजर पीएन शाही, पूर्व चेयरमैन त्रिभुवन जायसवाल, पूर्व चेयरमैन श्यामसुंदर विश्वकर्मा, अनूप सोनी, मनोज विश्वकर्मा, राहुल सोनी, संजय वर्मा, गिरजाशंकर विश्वकर्मा, भोला शर्मा आदि मौजूद रहे।