सेवरही के मंदिर में पूजा करते श्रद्धालु। संवाद
तमकुहीरोड। सेवरही के चीनी मिल गेट स्थित दुर्गा मंदिर सहित क्षेत्र के सभी मंदिरों में शारदीय नवरात्र के पांचवें दिन शुक्रवार को देवी दुर्गा की पूजा के लिए सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। भक्तों ने मंदिरों में पहुंच कर देवी की पूजा अर्चना की। वही गांव गांव में स्थापित पंडालों में भी भक्तों की भीड़ रही, जहां लोगों ने पहुंच कर पूजा पाठ व आरती में भाग लिया।
शारदीय नवरात्र को लेकर सेवरही क्षेत्र के सभी मंदिर व पंडाल सुबह से देर शाम तक गुलजार रहने लगे हैं। चहुंओर माता के जयघोष के साथ घंटा व घड़ियाल की आवाज गूंजने लगे हैं। शुक्रवार को चीनी मिल गेट स्थित दुर्गा मंदिर के साथ बेलवा माता मंदीर आजादनगर, छतुवनिया माता मंदिर अवदान टोला, जलपा माता मंदिर कतौरा, मां भवानी मंदिर महाबीर नगर,अष्टभुजी माता मंदिर ब्रह्मपुर,बसई देवी दुर्गा मंदिर जगदीश पुर, अष्टभुजी भवानी मंदिर शिवाघाट आदि मंदिरों में पूजा के लिए भक्तों का तांता लगा रहा।
वहीं सेवरही क्षेत्र के स्वर्ण नगर, माल गोदाम चौक, स्टेशन चौक, पुरानी पुलिस चौकी चौराहा, दुर्गा मंदिर, चनरी चौराहा सहित पिपरा घाट आदि गांवों में बनाये गए पंडालों में भी भक्तों ने पहुंच कर शक्ति की आराधना कर सुख, शांति व समृद्धि की कामना की।