पडरौना। सूर्यषष्ठी की उपासना और पूजा को लेकर शुक्रवार को तैयारियां जोरों पर रहीं। इस त्योहार को लेकर छठघाटों की सफाई और रंगाई-पुताई होती रही तो वहीं बाजारों में डाला के सामान और कपड़े आदि के लिए लोग खरीदारी करते नजर आए। इसे लेकर बाजारों में काफी चहल-पहल रही।
पडरौना नगर के दरबार स्थित रामधाम पोखरा, नौका टोला के सुराजी पोखरा, बावली चौक और छावनी के शिवसागर पोखरा पर छठघाटों की तैयारी को लोग अंतिम रूप देने की कोशिश में लगे रहे। छठ घाटों के किनारे चहारदीवारी की रंगाई पुताई से लेकर तालाब के तटों की सफाई और छठघाटों पर बनी वेदियों को भी लोग सजाने में लगे रहे। महिलाओं ने छठ पूजा के लिए पडरौना नगर सहित विभिन्न बाजारों में अपने लिए साड़ी, शृंगार के सामान की खरीदारी की। बहुत से श्रद्धालुओं ने अपनी मन्नतों के पूरा होने पर कोसी भरने में प्रयुक्त होने वाले सामान खरीदे। बाजार में छठ डाला के सामान जैसे टोकरी, सुपली, फल सहित विभिन्न सामग्रियां खरीदी। इसे लेकर शुक्रवार को बाजारों में काफी चहल-पहल रही। उधर, नगरपालिका अध्यक्ष शिवकुमारी देवी ने पडरौना नगर सहित खिरकिया के छठघाट और सुंदरीकरण का निरीक्षण किया।