हाटा। नगर पालिका हाटा के नौ मुहल्लों में पौने दो करोड़ की लागत से सीसी सड़क, नाली सहित अन्य कार्य होंगे। इसके लिए नगर पालिका हाटा की ओर से टेंडर जारी कर दिया गया है। विकास के यह कार्य पूरे होने के बाद इन मुहल्लों के करीब 10 हजार लोगों को आवागमन और जल निकासी की समस्या से निजात मिलेगी।
नगर पालिका हाटा में कई मुहल्लों में सड़क और जल निकासी की समस्या से लोग परेशान हो रहे थे। उन लोगों को समस्याओं से निजात दिलाने के लिए नगर पालिका ने पिछले दो दिसंबर को करीब पौने दो करोड़ रुपये के विभिन्न निर्माण कार्याें के लिए ई-टेंडर जारी किया। इसमें वार्ड नंबर एक बाघनाथ, वार्ड संख्या दो के शिवराजपुर, वार्ड संख्या चार के पिपरही भडकुलवा, वार्ड संख्या छह के गौनर मलीन बस्ती, वार्ड संख्या 10, 11 और 20 में सीसी सड़क और नाली निर्माण कार्य होना होना है।
जबकि, वार्ड संख्या सात और आठ में प्राइमरी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों में टाइल्स लगाने का कार्य होना है। मुहल्लों में सड़क और नाली का निर्माण होने से यहां के लोगों को आवागमन और जल निकासी की समस्या से राहत मिल जाएगी। उम्मीद की जा रही है कि जनवरी से इन पर कार्य भी शुरू हो जाएगा।