कसया। नगर के नेशनल हाईवे स्थित एक निजी हाॅस्पिटल में आईजीआरएस पोर्टल पर इलाज के दौरान लापरवाही को लेकर शिकायत पत्र की जांच करने बृहस्पतिवार को डिप्टी सीएमओ तीन सदस्य टीम को लेकर पहुंचे और जांच पड़ताल की।
देवरिया जिले के बघौचघाट निवासी नंदकुमार जायसवाल ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की थी कि उसके भाई अरविंद जायसवाल की बड़हरा में दुर्घटना हो गई। 21 सितंबर को उन्होंने कसया नगर के नेशनल हाईवे पर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान लापरवाही की गई। इसके बाद उन्होंने मेडिकल कॉलेज में इलाज कराया। आईजीआरएस प्रकरण का संज्ञान लेते हुए डिप्टी सीएमओ आईडी कुशवाहा, कसया सीएचसी अधीक्षक मार्कंडेय चतुर्वेदी और प्रशांत कुमार ने पहुंचकर अस्पताल संचालक और मौजूद डॉक्टर से अस्पताल की जरूरी कागजात सहित शिकायत के सभी बिंदुओं का जांच कर रिपोर्ट तैयार की। जांच टीम पहुंचते ही अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल हो गया।