पडरौना। जिले से 14 बसें चुनाव ड्यूटी में गैर जनपद के लिए गई हैं। ऐसे यात्रियों को परेशानी न हो इसके लिए पडरौना डिपो ने मौजूदा बसों के दो-दो फेर बढ़ा दिए हैं। लेकिन शाम छह बजे के बाद पडरौना बस स्टेशन से बस पर्याप्त बस नहीं मिल रही है। इसके चलते यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
पडरौना डिपो की तरफ से निगम की 24 और अनुबंधित की 19 बसों का संचालन होता है। निगम की 24 बसों में से 15 बसों को प्रदेश के अन्य जिलों में होने वाले लोकसभा चुनाव ड्यूटी में लगाई थीं। इसमें एक बस वापस आ गई, जबकि अभी भी 14 बसें गैर जनपदों में चुनाव ड्यूटी में तैनात हैं। बसों की किल्लत का असर यात्रियों पर न पड़े इसके लिए पडरौना डिपो की तरफ से मौजूदा बसों के एक से दो फोरे बढ़ा दिए गए हैं। इसके बावजूद यात्रियों की परेशानी कम नहीं हो रही है। सबसे अधिक परेशानी शाम छह बजे के बाद बस नहीं मिलने से यात्रियों को उठानी पड़ रही है। यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने के लिए निजी टैक्सी एवं ऑटो का सहारा लेना पड़ रहा है। लंबे सफर पर जाने वाले यात्रियों को प्राइवेट वाहनों से गोरखपुर जाना पड़ रहा है। वहां से उन्हें दूसरी बस पकड़नी पड़ रही है। कई यात्रियों ने बस न मिलने पर अपनी यात्रा को स्थगित कर दे रहे हैं। इस संबंध में पडरौना डिपो के एआरएम राकेश कुमार ने बताया कि यह समस्या चुनाव के चलते आ रही है। एक ओर जहां लोकसभा चुनाव में बस चली गई हैं, तो दूसरी ओर निजी बसों व अन्य वाहन शादी-विवाह में भी बुकिंग हो गई है। वैसे यात्रियों को परेशानी न हो इसके लिए निगम और अनुबंधित की सभी बसों के एक से दो फेरे बढ़ा दिए गए हैं। दिन में धूप होने से लोग शाम को यात्रा करना पसंद कर रहे हैं। इसके चलते शाम को बस स्टेशन पर अधिक भीड़ देखने को मिल रही है।